ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट को बनाया निशाना, भारतीय कर्मचारी की मौत, संयंत्र को हुआ भारी नुकसान

ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट को बनाया निशाना, भारतीय कर्मचारी की मौत, संयंत्र को हुआ भारी नुकसान

Published at : 2026-03-30 01:56:13
US-Iran War: मिडिल ईस्ट भी में अभी भी हालात बेहद खराब है. 30 दिन गुजर जाने के बाद भी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. आज इस जंग का 31वां दिन है. इस बीच खबर आई है कि ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट को निशाना बनाया है. इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाड़ी देश कुवैत के बिजली मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी. मंत्रालय ने बताया कि ईरान द्वारा कुवैत के एक बिजली स्टेशन पर किए गए हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई. साथ ही साइट पर स्थित एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है. कब किया ईरान ने कुवैत के पावर प्लांट पर हमला? कुवैत के विद्युत, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि, ईरान ने रविवार शाम को हमला किया. मंत्रालय ने इस हमले को देश पर "ईरान के आक्रमण" का हिस्सा बताया. मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने एक बयान में कहा कि, "कुवैत राज्य के खिलाफ ईरान के आक्रमण के तहत एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र की इमारत पर हमला किया गया, जिससे एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई. जबकि हमले में इमारत को काफी नुकसान हुआ है. एक महीने में कुवैत पर कितने हमले हुए? बता दें कि मध्य पूर्व में जब से जंग की शुरुआत हुई है. कुवैत को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. कुवैत उन कई देशों में से एक है जिन्हें अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे युद्ध का सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा है. तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिम एशिया में विभिन्न बुनियादी ढांचों और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है. एक अलग बयान में, कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि एक महीने से अधिक समय पहले शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से देश पर कुल 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन हमले हुए हैं. लोगों से शांति बनाए रखने की अपील इसके साथ ही मंत्रालय के बयान में लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया है. बयान में कुवैती निवासियों से केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करने का अनुरोध किया गया है और घटनाक्रम पर निरंतर पारदर्शी अपडेट देने का आश्वासन दिया गया. प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि बिजली और जल व्यवस्था की सुरक्षा और स्थिरता सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी तकनीकी टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे पूरी दक्षता के साथ काम कर रही हैं. खबर अभी अपडेट हो रही है...