राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मनाया ईस्टर, देश की ताकत, सेना और धर्म पर जताया भरोसा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मनाया ईस्टर, देश की ताकत, सेना और धर्म पर जताया भरोसा

Published at : 2026-04-06 18:25:11
वॉशिंगटन, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में ईस्टर का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक बातों के साथ-साथ कुछ राजनीतिक बातें भी कहीं और देश की ताकत और हाल की सैन्य कार्रवाइयों पर जोर दिया। हर साल होने वाले ईस्टर एग रोल कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “यह बहुत खास दिन है... यह दिन है जब हम यीशु को याद करते हैं... यह धर्म को मनाने का दिन है।” उन्होंने इस मौके पर देश की स्थिति को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “हमारा देश बहुत अच्छा कर रहा है, जैसा पहले कभी नहीं हुआ... हमने शेयर बाजार में हर रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हमने अपनी सेना में भी हर रिकॉर्ड तोड़ दिया है।” ट्रंप ने हाल ही में ईरान में दो अमेरिकी पायलटों को बचाने के लिए किए गए एक मिशन का भी जिक्र किया और इसे अमेरिका की ताकत का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, “कल जो रेस्क्यू हुआ... हमने एक नहीं, दो लोगों को सुरक्षित वापस लाए।” उन्होंने बताया कि ऐसे ऑपरेशन बहुत जोखिम भरे होते हैं और अक्सर इन्हें टाला जाता है, क्योंकि एक पायलट को बचाने में भी कई लोगों की जान जा सकती है। ट्रंप ने अमेरिकी सैनिकों की तारीफ करते हुए उन्हें “दुनिया के सबसे बेहतरीन फाइटर्स” बताया और कहा कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे ताकतवर सेना है। कार्यक्रम में देश के अंदर के मुद्दों पर भी बात हुई, जिसमें अंडों की कीमत का मुद्दा भी शामिल था। ट्रंप ने कहा कि अंडों के दाम काफी कम हो गए हैं। उन्होंने कहा क‍ि कीमतें 40 से 50 प्रत‍िशत तक गिर गई हैं और इसका श्रेय उन्‍होंने अपनी सरकार को दिया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 40,000 से ज्यादा अंडों का इस्तेमाल हुआ, जो देशभर के किसानों ने उपलब्ध कराए। फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने भी थोड़ी देर के लिए लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को ईस्टर की शुभकामनाएं दीं और इस इवेंट को देश के 250वें बर्थडे का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप इस खूबसूरत दिन का आनंद ले रहे हैं... इसे अच्छे से मनाइए और आपका दिन शानदार हो।” ट्रंप ने कहा कि इस कार्यक्रम में पूरे दिन में 30,000 से 50,000 लोगों के आने की उम्मीद है। उन्होंने पिछले साल से तुलना करते हुए कहा, “एक साल पहले... हमारा देश खत्म सा हो गया था... और आज, हम दुनिया का सबसे आगे बढ़ता हुआ देश हैं।” ईस्टर एग रोल व्हाइट हाउस की एक पुरानी परंपरा है, जिसमें हर साल हजारों परिवार साउथ लॉन पर इकट्ठा होते हैं। यह परंपरा 19वीं सदी से चली आ रही है और यह अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से आयोजित सबसे बड़े सार्वजनिक समारोहों में से एक है, जहां त्योहार के जश्न के साथ-साथ सरकार का संदेश भी दिया जाता है। --आईएएनएस एवाई/डीएससी डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.