
Ground Zero Report: जंगलों में शरण लेने को मजबूर बाढ़ पीड़ित, खाने-कपड़ों की भारी किल्लत
Published at : 2026-08-29 08:54:47
Ground Zero Report: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड और ग्लेशियर फटने की आपदा से डुंगे बाजार पूरी तरह तबाह हो चुका है. काठमांडू से भोटेकोशी की ओर जाने वाले यात्रियों और गाड़ियों के लिए रेस्ट करने व खाना खाने का मुख्य केंद्र रहा यह बाजार अब मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है. ग्राउंड जीरो पर मौजूद न्यूज नेशन की टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर तबाही के खौफनाक मंजर का जायजा लिया. डुंगे बाजार क्षेत्र में 4 से लेकर 7 मंजिला तक होटल और आवासीय भवन बने हुए थे.7 मंजिला होटलों में से ऊपर की सिर्फ 2 या 3 मंजिलें ही दिख रही हैं, बाकी पूरी इमारत पानी और मलबे के नीचे दब गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, त्रिशूली नदी का जलस्तर सामान्य दिनों में इमारतों से 50 फीट नीचे रहता था, लेकिन सैलाब के साथ बहकर आई मिट्टी और पत्थरों ने नदी के तल को ऊपर उठा दिया है. सरकारी आंकड़ों में 600 से अधिक मौतों की पुष्टि की जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अकेले डुंगे और त्रिशूली बाजार के इलाकों में 200 से 300 लोगों की जान चली गई है. पूरे जिले और आसपास के बाजारों को मिलाकर मौतों का वास्तविक आंकड़ा 1,000 के पार पहुंच सकता है. बाढ़ के कारण लोगों के घर, कपड़े और खाने-पीने का सारा सामान बह गया है. दहशत के मारे लोग जंगलों और अस्थाई टेंटों में शरण लेने को मजबूर हैं. स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी 60% पानी और मलबा अटका हुआ है, जिसके नीचे आने का खतरा बना हुआ है.