
ईरान में अमेरिकी पायलट का हाई-रिस्क रेस्क्यू, मिशन के पीछे यूरेनियम चोरी की साजिश या सिर्फ बचाव अभियान?
Published at : 2026-04-06 16:34:40
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक हाई-प्रोफाइल सैन्य ऑपरेशन ने नई बहस छेड़ दी है. अमेरिकी फाइटर जेट F-15E के गिरने के बाद अमेरिका ने अपने पायलट को दुश्मन के इलाके से सुरक्षित निकाल लिया. लेकिन अब सवाल उठ रहा है क्या यह सिर्फ एक रेस्क्यू मिशन था या इसके पीछे कोई बड़ा मकसद छिपा था? दरअसल इस सवाल उठने के पीछे जो बड़ी वजह है वो ये कि ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका सिर्फ अपने पायलट का रेस्क्यू करने नहीं आया था बल्कि यूरेनियम चुराना चाहता था. फिल्मी अंदाज में हुआ रेस्क्यू रविवार को अमेरिका ने बेहद जोखिम भरा ऑपरेशन चलाकर अपने पायलट को बचाया. यह मिशन आसान नहीं था, क्योंकि ईरानी सेना और स्थानीय लोग भी पायलट की तलाश में जुटे थे. IRGC ने पायलट को पकड़ने पर इनाम तक घोषित कर दिया था. इसके बावजूद अमेरिकी सेना ने हाईटेक तकनीक और सटीक रणनीति के जरिए अपने सैनिक को सुरक्षित निकाल लिया. ईरान का आरोप, यूरेनियम चोरी की साजिश इस ऑपरेशन के बाद ईरान ने गंभीर आरोप लगाए हैं. इस्माइल बघाई ने दावा किया कि यह मिशन केवल पायलट को बचाने के लिए नहीं था, बल्कि इसका उद्देश्य ईरान के संवर्धित यूरेनियम को हासिल करना भी हो सकता था. उनका कहना है कि इस्फहान प्रांत में हुए इस अभियान को 'डिसेप्शन ऑपरेशन' यानी धोखे की रणनीति के तौर पर देखा जाना चाहिए. भारी सैन्य तैनाती ने बढ़ाए सवाल इस मिशन में इस्तेमाल किए गए संसाधनों ने भी शक को और गहरा कर दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑपरेशन में ये विमान थे शामिल - 4-6 रेस्क्यू हेलिकॉप्टर - 12-20 फाइटर जेट्स - 2-3 AWACS निगरानी विमान - 6-8 टैंकर विमान - भारी परिवहन विमान जैसे C-130 इतने बड़े स्तर की तैनाती आमतौर पर सिर्फ एक पायलट के रेस्क्यू के लिए नहीं की जाती, जिससे इस मिशन के पीछे किसी बड़े उद्देश्य की संभावना जताई जा रही है. ट्रंप का बयान और अमेरिकी पक्ष डोनाल्ड ट्रंप ने इस मिशन को 'साहसी और ऐतिहासिक' बताया. उन्होंने कहा कि दर्जनों विमान और सैकड़ों सैनिक इस ऑपरेशन में शामिल थे. अमेरिकी पक्ष इसे एक सफल कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू मिशन बता रहा है, जिसमें हर संसाधन का इस्तेमाल पायलट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किया गया. रणनीतिक खेल या गलतफहमी? ईरान का दावा है कि यह ऑपरेशन उसके लिए विफल नहीं बल्कि अमेरिका के लिए अपमान साबित हुआ. वहीं, अमेरिका इसे अपनी सैन्य क्षमता और तकनीकी श्रेष्ठता का उदाहरण मानता है. दोनों देशों के दावों के बीच सच्चाई क्या है, यह अभी भी साफ नहीं है. रहस्य अभी बाकी है यह घटना केवल एक सैन्य ऑपरेशन नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति और रणनीति का जटिल उदाहरण बन गई है. क्या अमेरिका का उद्देश्य सिर्फ अपने पायलट को बचाना था, या इसके पीछे कोई और बड़ा मिशन छिपा था यह सवाल अभी भी अनुत्तरित है. आने वाले समय में इस घटना से जुड़े और खुलासे इस रहस्य को और गहरा या साफ कर सकते हैं. यह भी पढ़ें - उत्तरी इजरायल में मिसाइल हमले में चार नागरिकों की मौत, नेतन्याहू ने की सुरक्षा निर्देश मानने की अपील