
पहली ही तारीख को सुबह-सुबह हो गया बड़ा विमान हादसा, चट्टान से टकराया प्लेन, कोई नहीं बचा
रूसी सेना का एक विमान बुधवार (1 अप्रैल, 2026) को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा सुबह सुबह हुआ है और रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी हादसे की पुष्टि की है. रक्षा मंत्रालय के अनुसार क्रीमिया में रूसी सेना का एक एएन-26 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में 6 चालक दल के सदस्य और 23 यात्रियों की मौत हो गई.
समाचार एजेंसी तास के अनुसार, यह हादसा विमान के चट्टान से टकराने की वजह से हुआ है. सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि मंगलवार देर रात यह विमान क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था, तभी उससे संपर्क टूट गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह तकनीकी खराबी थी और विमान पर किसी तरह का हमला नहीं हुआ था.
मंत्रालय ने कहा, '31 मार्च को शाम करीब 6 बजे (मॉस्को समय) क्रीमिया क्षेत्र के ऊपर उड़ान के दौरान एएन-26 विमान से संपर्क टूट गया था.' बाद में खोज और बचाव दल ने दुर्घटनास्थल का पता लगा लिया. वहां से मिली रिपोर्टों के अनुसार, विमान में सवार चालक दल के छह सदस्य और 23 यात्री मारे गए हैं.
रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि कुल कितने लोग विमान में सवार थे, लेकिन किसी के भी बचने की सूचना नहीं दी गई. एएन-26 एक हल्का सैन्य परिवहन विमान है, जो कई दशकों से इस्तेमाल में है और कम व मध्यम दूरी पर सामान के साथ करीब 40 यात्रियों को ले जा सकता है.
पिछले साल दिसंबर में भी रूस में एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ था. 9 दिसंबर को, मॉस्को के पूर्व में स्थित इवानोवो क्षेत्र के इवानकोवो गांव के पास एक परीक्षण उड़ान के दौरान एक एंटोनोव एएन-22 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान मरम्मत कार्य के बाद उड़ान पर निकला था, जिससे यह संकेत मिलता है कि घटना के समय वह मरम्मत के बाद के परीक्षण से गुजर रहा था.
इस हादसे में भी कोई जीवित नहीं बचा. हालांकि शुरू में विमान में सवार लोगों की संख्या नहीं बताई गई थी, लेकिन उसमें चालक दल के 7 सदस्य थे और सभी की मौत हो गई। यह घटना रूसी सैन्य विमानन के लिए एक बड़ी क्षति थी.
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें:-
‘अमेरिका से खरीदो तेल या फिर लड़ाई लड़ना सीखो’, ईरान वॉर में साथ न देने वाले देशों पर ट्रंप का बड़ा तंज