एमपीटी के रेस्टोरेंट में भूले ज्वेलरी से भरा बैग, लौटाया:शादी में उज्जैन गया था भोपाल का परिवार; कर्मचारियों ने संभालकर रखा

एमपीटी के रेस्टोरेंट में भूले ज्वेलरी से भरा बैग, लौटाया:शादी में उज्जैन गया था भोपाल का परिवार; कर्मचारियों ने संभालकर रखा

Published at : 2026-05-14 13:48:41
भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के डोडी स्थित रेस्टोरेंट में कर्मचारियों ने ईमानदारी का परिचय दिया। दरअसल, भोपाल का एक परिवार उज्जैन में शादी समारोह से वापस लौट रहा था और डोडी में ज्वेलरी से भरा बैग भूल गया था। कर्मचारियों ने बैग को सुरक्षित रखा और परिवार को वापस लौटा दिया। जानकारी के अनुसार, अशोक गुप्ता एवं उनका परिवार उज्जैन में पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर भोपाल लौट रहा था। यात्रा के दौरान वे कुछ समय के लिए डोडी स्थित रेस्टोरेंट पर रुके थे। इसी दौरान अनजाने में उनका एक बैग वहीं छूट गया, जिसमें कीमती आभूषण और निजी सामान रखा हुआ था। जब गुप्‍ता परिवारजन को बैग के गुम हो जाने का पता चला तो वे पुनः डोडी पहुंचे और वहां सहायता की गुहार लगाई। इस दौरान डोडी इकाई के प्रबंधक राजेश छुगानी ने व्यक्तिगत रूप से करीब 2 घंटे तक सीसीटीवी फुटेज की जांच कर परिवार की मदद की। जांच के दौरान पता चला कि गुप्‍ता का वाहन निकलने के बाद यूनिट के रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारी पप्पू बागवान एवं अशोक बागवान को लावारिस बैग दिखाई दिया था। जिसे उन्होंने जिम्मेदारी के साथ इकाई के सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षित रखने के लिए सौंप दिया था। परिवार को वापस मिला बैग कर्मचारियों की सतर्कता और प्रबंधन के सहयोग से गुप्‍ता परिवार को उनका पूरा सामान सुरक्षित वापस मिल गया। गुप्ता परिवार ने कहा कि पर्यटन निगम की इकाई डोडी के स्टॉफ न केवल उनका कीमती सामान लौटाया बल्कि मानवता और विश्वास को भी मजबूत किया है।