हनुमानगढ़ में 14 साल की लड़कियों को लगेगी वैक्सीन:एचपीवी वैक्सीन को लेकर मेडिकल ऑफिसरों को दिया प्रशिक्षण
Published at : 2026-01-06 11:30:10
हनुमानगढ़ में बच्चेदानी के कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन लगाई जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को राजकीय जिला चिकित्सालय में मेडिकल ऑफिसरों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में जिलेभर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से आए मेडिकल ऑफिसर शामिल हुए। आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी ने मेडिकल ऑफिसरों को एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित मेडिकल ऑफिसर अब अपने-अपने ब्लॉक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्तर पर अन्य चिकित्सकों को प्रशिक्षित करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अभियान पूरे जिले में सुचारू रूप से चले। बाएं हाथ में लगाया जाएगा टीकायह वैक्सीन केवल उन्हीं चिकित्सा संस्थानों पर लगाई जाएगी जहां इसे सुरक्षित रखने के लिए आईएलआर (आइस लाइन्ड रेफ्रिजरेटर) या डीप फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध है और मेडिकल ऑफिसर तैनात हैं।डॉ. विद्यार्थी ने जानकारी दी कि एचपीवी वैक्सीन जिले में शुरू कर दी गई है। यह वैक्सीन उन बालिकाओं को लगाई जाएगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। यह टीका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और अन्य चयनित चिकित्सा संस्थानों में बालिकाओं के बाएं हाथ में लगाया जाएगा। 3 महीने तक चलेगा अभियानउन्होंने बताया कि भारत में बच्चेदानी के कैंसर के लगभग 99 प्रतिशत मामलों का मुख्य कारण ह्यूमन पेपिलोमा वायरस होता है। यदि इस आयु वर्ग की बालिकाओं को समय पर वैक्सीन लगा दी जाए, तो भविष्य में लगभग 100 प्रतिशत मामलों में इस कैंसर से बचाव संभव है।यह विशेष टीकाकरण अभियान लगभग 3 महीने तक चलेगा। इसके बाद नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को यह वैक्सीन लगाई जाएगी। डॉ. विद्यार्थी ने इस अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।