दिल्ली में पति के मर्डर की गवाह महिला की हत्या:हमालवरों ने सिर पर गोली मारी; 2023 में पति की भी गोली मारकर हत्या हुई थी

दिल्ली में पति के मर्डर की गवाह महिला की हत्या:हमालवरों ने सिर पर गोली मारी; 2023 में पति की भी गोली मारकर हत्या हुई थी

Published at : 2026-01-11 06:44:50
दिल्ली के शालीमार बाग में शनिवार सुबह 52 साल की रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रचना 2023 में अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं। परिवार के मुताबिक, रचना एक पड़ोसी के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रही थीं। घर के पास एक झोपड़ी पर हाथ-पैर धोते समय हमलावरों ने उन्हें बेहद नजदीक से गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रचना शालीमार बाग की रहने वाली थीं और अपने इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की अध्यक्ष भी थीं। पुलिस के मुताबिक, रचना को सिर में गोली मारी गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर पहले से वहां मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, उन्हें एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें दिखा कि दो हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। एक आरोपी दिल्ली रजिस्टर्ड नंबर वाली स्पोर्ट्स बाइक लेकर घटनास्थल के पास इंतजार कर रहा था। दूसरे आरोपी ने फायरिंग की और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इससे पहले, 2023 में रचना के पति और प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र यादव की आपसी रंजिश में गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस के अनुसार, 2023 में बिजेंद्र यादव भलस्वा गांव में एक बेकरी के बाहर दोस्तों के साथ बैठे हुए थे। तभी हमलावरों ने नजदीक से गोली मारकर उनकी हत्या की थी। उस समय करीब छह राउंड फायरिंग हुई थी। बिजेंद्र पर हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कम से कम नौ आपराधिक मामले दर्ज थे। इस केस में भरत यादव समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया था। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रायल का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मुख्य आरोपी भरत यादव अब भी फरार है और उसे घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका है। पुलिस को शक है कि रचना की हत्या के पीछे भी भरत की भूमिका हो सकती है। परिवार ने दावा किया कि बिजेंद्र की हत्या के कुछ महीनों बाद उन्हें डराने के लिए भलस्वा स्थित उनके ऑफिस पर भी फायरिंग हुई थी। पुलिस के अनुसार, रचना अपने पति की हत्या के मामले में मुख्य गवाह थीं और उनका बयान अभियोजन के लिए अहम माना जा रहा था। पुलिस ने बताया कि उन्हें रचना की हत्या की सूचना सुबह करीब 11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रचना को सड़क पर खून से लथपथ पाया। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया। क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। आसपास और पीड़ित के घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने रचना को रोका। उनमें से एक ने उनका नाम पूछा और फिर पिस्टल निकालकर सिर में गोली मार दी। इस बीच, मृतका की बड़ी बेटी कनिका यादव ने आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या भारत यादव ने साजिश के तहत कराई। उन्होंने कहा कि पिता की हत्या के कुछ आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं, इसके बावजूद इस तरह की साजिश रची गई। कनिका के मुताबिक, उनकी मां को इसलिए मारा गया क्योंकि वह अदालत में गवाही पर अडिग थीं और आरोपियों को सजा होने का डर था। पुलिस ने बताया कि रचना यादव के परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी उनके साथ रहती थी।