मुण्डावर में बिजली केबल चोरी का खुलासा:कंपनी के ठेकेदार पर गबन का आरोप, दो गिरफ्तार
Published at : 2026-02-28 06:54:53
मुण्डावर में बिजली केबल चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने ठेका फर्म से जुड़े दो व्यक्तियों को लाखों रुपए का चोरी का माल दिल्ली ले जाते हुए टेम्पो सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के निवासी रुपम सैन ने मुण्डावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि बिजली विभाग ने घरेलू बिजली कनेक्शनों की केबल व तार बदलने का ठेका कंपनी को दिया है। कंपनी जीएसएस सोडावास और मुण्डावर क्षेत्र में काम कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, जीएसएस उलाहेड़ी और नांगल उदिया क्षेत्र में कार्य के लिए कंपनी ने भूपेन्द्र कुमार नामक फर्म को उप-ठेका दिया हुआ है। आरोप है कि इस फर्म से जुड़े सत्येन्द्र कुमार (भूपेन्द्र के भाई) और मोहम्मद इस्तयाक ने मिलीभगत से बदली गई पुरानी एल्युमिनियम केबल और नई केबल के दो बंडल चुरा लिए। यह घटना 25 फरवरी 2026 की रात की है। आरोपियों ने चोरी का माल टेम्प में रखकर दिल्ली ले जाने की कोशिश की। पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर टेम्पो सहित दोनों को हिरासत में ले लिया गया। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।