
मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बांसपत्तर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया
Published at : 2026-05-29 00:00:00
कांकेर| परिवर्तन समाज सेवी संस्था और रजमेरु संस्था द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत बांसपत्तर में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंद्रिका नेताम, मितानिन, गांव की जनप्रतिनिधि केशनतीन शोरी, रजमेरु संस्था से मोबिलाइज कुमेश्वरी नागवंशी, परिवर्तन समाज सेवी संस्था से सुमित्रा उसेंडी मौजूद रहीं। ग्राम पंचायत लेंडारा में भी कार्यक्रम और अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सदस्यों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता की जानकारी दी गई। मासिक धर्म के बाद शरीर के हार्मोन में बदलाव पर भी बताया गया। कहा गया कि बदलाव होने पर माता-पिता को जरूर बताएं। खाने-पीने में पोषण आहार का ध्यान रखें। मासिक धर्म के बाद गरम खाना खाएं। गरम पानी पिएं। वॉक करें। सेनेटरी पैड का उपयोग करें। पैड नहीं हो तो कपड़ा इस्तेमाल करें। कपड़ा दो-तीन महीने में बदलें। कपड़े को धूप में खुली जगह पर सुखाएं। घर के लड़कों को भी मासिक धर्म के बारे में जानकारी दें। मासिक धर्म के समय माता-पिता और भाई सहयोग करें। छुआछूत की भावना से न देखें। बताया गया कि कई बार शरीर की कमजोरी से मासिक धर्म दो-तीन महीने बाद भी आता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से चेकअप कराना जरूरी है।