टीईटी : डीपीआई के पत्र पर हड़कंप; फर्जी बताया

टीईटी : डीपीआई के पत्र पर हड़कंप; फर्जी बताया

Published at : 2026-03-19 22:30:00
भास्कर संवाददाता | गुना टीईटी यानि शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर गुरुवार को डीपीआई यानि लोक शिक्षण संचालनालय का एक पत्र वायरल हुआ। इसे लेकर शिक्षकों में हडकंप मच गया। दिन भर इसे लेकर हलचल होती रही। अधिकारियों ने भी इसे लेकर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा। हालांकि शिक्षक संगठनों का कहना था कि पत्र की भाषा और स्वरूप देखकर लग रहा है कि यह फर्जी है। टीईटी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर 2025 में जो फैसला दिया, उसे लेकर जिस तरह के सवाल उठ रहे हैं, डीपीआई के उक्त कथित पत्र में उनका जवाब दर्ज है। पत्र में लिखा गया है कि 1998 से 2013-124 के दौरान नियुक्त सभी शिक्षकों को पात्रता परीक्षा देनी होगी। इन शिक्षकों के लिए सरकार की ओर से अलग विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए एक से 25 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इस पत्र पर बाकायदा क्रमांक व अन्य सरकारी शैली की जानकारियां भी दर्ज की गई थीं। इस मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं आया। वहीं शिक्षक संगठनों का कहना है कि यह पूरा आदेश फर्जी है। राज्य शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दामोदर धाकड़ ने कहा कि डीपीआई की वेबसाइट पर इस तरह का कोई पत्र नहीं है। इसके अलावा इस पर जारीकर्ता अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं है। इसकी भाषा, फोंट व स्वरूप भी सरकारी नहीं है। शिक्षकों को बिना वजह परेशान करने के लिए यह हरकतें की जा रही हैं। प्रांतीय अध्यापक संगठन के धर्मेंद्र रघुवंशी ने भी कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं आया है। डीपीआई की वेबसाइट से इसकी पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने कहा कि डीपीआई हर आदेश को अपनी बेवसाइट पर अपलोड करती है।