
ICSI CSEET जनवरी 2026 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी, 10 जनवरी को होगी परीक्षा
Published at : 2026-01-02 17:18:02
कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट (CSEET) जनवरी 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) ने 10 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।आईसीएसआई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, CSEET जनवरी 2026 परीक्षा के एडमिट कार्ड पंजीकरण आईडी और जन्मतिथि के माध्यम से डाउनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा, साथ ही उम्मीदवारों को एक वैध फोटो पहचान पत्र भी साथ लेकर जाना होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।हॉल टिकट में उम्मीदवार का नाम, फोटो, रजिस्ट्रेशन नंबर, रोल नंबर, परीक्षा की तिथि और समय, परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग टाइम और परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दर्ज होंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी विवरणों को ध्यान से जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते ICSI से संपर्क करें।CSEET जनवरी 2026 परीक्षा का आयोजन 10 जनवरी को किया जाएगा। परीक्षा की कुल अवधि 120 मिनट होगी। परीक्षा में कुल 140 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें चार खंडों में विभाजित किया गया है। इनमें बिजनेस कम्युनिकेशन, लीगल एप्टीट्यूड और लॉजिकल रीजनिंग, इकोनॉमिक और बिजनेस एनवायरनमेंट तथा करंट अफेयर्स और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड शामिल हैं। प्रत्येक खंड में 35 प्रश्न होंगे।परीक्षा में सफल होने के लिए उम्मीदवारों को प्रत्येक खंड में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक और कुल मिलाकर 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी।एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले ICSI की आधिकारिक वेबसाइट icsi.edu पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध लेटेस्ट न्यूज या CSEET एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक करना होगा। लॉगिन पेज पर पंजीकरण आईडी और जन्मतिथि दर्ज करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट किया जा सकता है।आईसीएसआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल वही उम्मीदवार एडमिट कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे, जिन्होंने CSEET जनवरी 2026 परीक्षा के लिए सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया है। साथ ही, CSEET जून 2026 सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है और इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।