लुधियाना में घर में घुसकर परिवार जानलेवा हमला:जगराओं में 30-40 हथियारबंद दीवार फांदकर घुसे, तलवारों से दो भाइयों को काटा; धार्मिक समागम में हुआ था विवाद

लुधियाना में घर में घुसकर परिवार जानलेवा हमला:जगराओं में 30-40 हथियारबंद दीवार फांदकर घुसे, तलवारों से दो भाइयों को काटा; धार्मिक समागम में हुआ था विवाद

Published at : 2026-10-01 02:24:27
लुधियाना जिले के जगराओं इलाके के गांव कोठेआल में देर रात 30 से 40 हथियारबंद युवकों ने एक घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने दीवार फांदकर घर में घुसे और वहां सो रहे दो भाइयों सतनाम सिंह और हनमन सिंह पर तलवारों व खंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। लहूलुहान हालत में घायलों को तुरंत जगरांओं के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लुधियाना के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ितों के मुताबिक धार्मिक समागम के दौरान आरोपियों के साथ विवाद हुआ था और उसी रंजिश में अब उन पर हमला किया गया। पीड़ित सतनाम सिंह का कहना है कि करीब दो महीने पहले आशू नाम के युवक के साथ उसकी फोन पर बहस हुई थी, जिसमें उसने जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं पुलिस का कहना है कि रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी 112 पर मिलते ही थाना सिटी-1 की पुलिस टीम जांच में जुट गई है। दीवार फांदकर घुसे हमलावर पीड़ित सतनाम सिंह ने बताया कि वह और हनमन सिंह रात में अपने घर में सो रहे थे। तभी अचानक 35 से 40 की संख्या में युवक हाथों में धारदार हथियार, तलवारें और खांडे लेकर घर की दीवार लांघकर अंदर दाखिल हो गए। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते या संभल पाते, आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। सतनाम ने बताया कि दो महीने पहले आशू नामक युवक से हुई बहस के बाद से ही उसे निशाना बनाने की फिराक में आरोपी घूम रहे थे। धार्मिक समागम में विवाद की बात आई सामने, जांच में जुटी पुलिस थाना सिटी-1 के एएसआई गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को 112 आपातकालीन नंबर के जरिए घटना की सूचना मिली थी। एएसआई गुरजीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले एक धार्मिक समागम के दौरान दोनों पक्षों में बहस हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।