सीहोर के दीवडिया गांव में ग्रामीणों ने पकड़े 2 चोर:मांगलिक भवन से चोरी की कोशिश नाकाम, हाथ बांधकर पुलिस को सौंपा
Published at : 2026-05-05 16:09:19
सीहोर की इछावर तहसील के दीवडिया गांव में मंगलवार रात ग्रामीणों ने सजगता दिखाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने मौके से दो चोरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार आरोपी गांव के मांगलिक भवन से जनरेटर का आर्मेचर, पानी की मोटर और दो पंखे चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान खेत से घर लौट रहे एक किसान की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी। उसने तुरंत सरपंच और ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में अलर्ट हो गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की की पिटाई सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने दोनों को काबू में कर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपियों से जनरेटर का आर्मेचर, एक पानी की मोटर और दो पंखे बरामद किए गए। चोरों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ के दौरान पिटाई भी कर दी। इसके बाद उन्हें उसी आर्मेचर से बांध दिया गया, जिसे चोरी करने की कोशिश की गई थी। बाद में ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। ग्राम पंचायत की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुटी है।