बीसलपुर में छह दिन की जरूरत जितना पानी आया

बीसलपुर में छह दिन की जरूरत जितना पानी आया

Published at : 2026-06-09 00:00:00
भास्कर संवाददाता | टोंक जयपुर, अजमेर और टोंक की पेयजल लाइफलाइन बीसलपुर बांध के लिए जून माह की शुरुआत राहतभरी रही है। चार दिन तक जलस्तर स्थिर रहने के बाद सोमवार सुबह जारी आंकड़ों में पिछले 24 घंटे के दौरान बांध के जलस्तर में 2 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही जून माह में अब तक कुल 6 सेंटीमीटर से अधिक पानी की आवक हो चुकी है, जो तीनों शहरों की लगभग छह दिन की पेयजल आवश्यकता के बराबर मानी जा रही है। बीसलपुर परियोजना के अनुसार 4 जून को बांध का गेज 313.67 आरएल मीटर था, जो सोमवार को बढ़कर 313.69 आरएल मीटर पहुंच गया। बांध से प्रतिदिन करीब एक सेंटीमीटर पानी जयपुर, अजमेर और टोंक को पेयजल आपूर्ति के लिए निकाला जाता है। इसके बावजूद चार दिनों तक जलस्तर में गिरावट नहीं आना लगातार आवक का संकेत था। जानकारों का मानना है कि इस दौरान करीब 4 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई, जिसने दैनिक निकासी की भरपाई कर दी। बांध में कहां से आया पानी बांध के रेनगेज क्षेत्र में सोमवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि जून में अब तक कुल 75 एमएम वर्षा हो चुकी है। आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में हुई बारिश का पानी भी बांध तक पहुंचा है। वर्ष 2023 में चक्रवाती तूफान ​बिपरजॉय के प्रभाव से जून में ही 26 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई थी, जबकि 2024 में यह आंकड़ा मात्र 5 सेंटीमीटर रहा। जिले में इस बार जून के पहले सप्ताह में राज्य की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। 7 जून तक भारतीय मौसम विज्ञान के अनुसार जिले में औसतन सामान्य बारिश 3 एमएम मानी गई। लेकिन इसके मुकाबले जिले मे 51.3 एमएम बारिश दर्ज की गई। जो अन्य जिलों के मुकाबले सबसे अधिक रही।